Pain in Stomach and Back During Periods in hindi
माहवारी के समय महिलाओं की कमर और पेटदर्द
महिलाओं में कमर और पेटदर्द की समस्या के कई कारण हो सकते हैं। लेकिन माहवारी के समय में इसका एक मुख्य कारण है एंडोमेट्रीओसिस। जानते हैं इसके बारे में-
क्या है वजह-
एंडोमेट्रियम (गर्भाशय की आंतरिक सतह) में हर महीने कई तरह के बदलाव आते है व माहवारी के रूप में इसका कुछ भाग रक्तस्राव के साथ निकाल जाता है। एंडोमेट्रियम जैसी सतह जब गर्भाशय के अलावा अन्य अंगों (ओवरी, फैलोपियन ट्यूब, आंतों आदि) में विकसित हो जाती है, तो यह अवस्था एंडोमेट्रिओसिस कहलाती है, चूंकि एंडोमेट्रियम की प्रवृर्ती संकुचन की होती है इसलिए इन अंगों में भी बेवजह ऐसा होने लगता है, जिनके कारण दर्द की समस्या होती है।
लक्षण व अन्य परेशानियां -
माहवारी के समय पेट के नीचे भाग व कमर में तेज दर्द होना इसका मुख्य लक्षण है। कई बार महिलाओं को असहनीय दर्द की वजह से दर्द निवारक दवाएं भी लेनी पड़ जाती है। ओवरी इससे सबसे ज्यादा प्रभावित होती है। कई बार रक्त इकट्ठा होने से यह बड़ी होकर गांठ के रूप में बन जाती है, जिसे चॉकलेट सिस्ट कहते हैं। कुछ महिलाओं में सिस्ट (रसौली) से फैलोपियन ट्यूब, आंतें व मूत्राशय भी चिपक जाते है। ऐसे में गांठ आकार में बढ़ बहुत बड़ा रूप ले लेती है और तमाम परेशानियों का कारण बन जाती है। फैलोपियन ट्यूब अवरुद्ध होने से नि:संतानता की समस्या सामने आती है।
यह है इलाज -
शुरुआत में दर्द निवारक दवाएं कुछ मदद कर सकती हैं लेकिन दर्द तेज या असहनीय होने पर कई प्रकार के हार्मोन दिए जाते हैं जो टेबलेट या इंजेक्शन के रूप में हो सकते हैं, इन हार्मोन के प्रभाव से कुछ महीनों के लिए माहवारी कृत्रिम रूप से बंद हो जाती है, माहवारी न होने से एंडोमेट्रियम का संकुचन होता है और ना ही दर्द। ऐसे में गांठ के आकार का पता सोनोग्राफी से लगाया जाता है व दूरबीन से इसे सीधा देखा जा सकता है। गांठ बनने की स्थिति में सर्जरी की जाती है जिसे लैप्रोस्कोपिक तकनीक से भी किया जाता है।
विशेषज्ञ की राय-
माहवारी के दौरान थोड़ा दर्द होने को महिलाएं सामान्य रूप से लेती है। लेकिन जब यह असहनीय होने लगे तो अनदेखी न करें और तुरंत विशेषज्ञ से संमर्क कर उचित इलाज लें।
डॉ. राखी आर्ये, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ व सहायक आचार्य, जनाना अस्पताल
No comments:
Post a Comment